news-details

कथित मवेशी तस्करी के आरोप में किसान से मारपीट पर भड़का सतनामी समाज, आरंग थाने का घेराव

सतनामी समाज ने किसान के साथ कथित गौसेवकों द्वारा मारपीट और वीडियो वायरल किए जाने के विरोध में शनिवार को जमकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने आरंग थाना का घेराव कर दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 9 मई को आरंग के गुल्लू क्षेत्र के पास लावारिस हालत में एक ट्रक मिला था, जिसमें 19 मवेशी भरे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ट्रक को थाने ले आई और मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान ग्राम गुदगुदा निवासी किसान बालकुमार कुर्रे अपने लापता मवेशियों की पहचान करने थाने पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान रायपुर निवासी कथित गौसेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों ने थाना परिसर में किसान के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। घटना के बाद सतनामी समाज में भारी आक्रोश फैल गया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच देर तक बातचीत चली।

मामले को लेकर अभिषेक झा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। हालांकि इस पूरे मामले में एक बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है कि मवेशियों से भरे मिले उस लावारिस ट्रक से जुड़े लोगों तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच पाई है।



अन्य सम्बंधित खबरें