CG : जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता निलंबित, गाली गलौज का ऑडियो हुआ था वायरल
रायपुर/जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने जांजगीर-चांपा जिले में पदस्थ कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके और वाहन चालक शशिकांत साहू के बीच हुए कथित बातचीत के ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, 12 मई 2026 को हुई बातचीत का ऑडियो वायरल होने और 13 मई को समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के बाद जिला प्रशासन द्वारा जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि कार्यपालन अभियंता द्वारा अपने अधीनस्थ वाहन चालक के साथ मोबाइल पर अपमानजनक एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति भी अशोभनीय टिप्पणियां किए जाने की बात सामने आई है।
शासन ने इसे प्रशासनिक छवि धूमिल करने वाला कृत्य मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत प्रथम दृष्टया कदाचार माना है। इसके आधार पर शशांक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय प्रमुख अभियंता, जल संसाधन विभाग, शिवनाथ भवन, नया रायपुर निर्धारित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। यह आदेश उप सचिव रविन्द्र कुमार मेढ़ेकर द्वारा जारी किया गया है।