news-details

सक्ति गोलीकांड में अब तक कोई बड़ी गिरफ्तारी नहीं, कांग्रेस ने एसपी कार्यालय घेराव का किया ऐलान

सक्ती जिले के करही गांव में हुए सनसनीखेज गोलीकांड और हत्या मामले में कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से इलाके में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं, अब इस मामले ने राजनीतिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है।

जांजगीर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए राज्य सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गंभीर अपराधों में भी पुलिस कार्रवाई धीमी है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर कांग्रेस ने 20 मई को जांजगीर एसपी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इधर, सक्ति जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मामले को बेहद संवेदनशील बताते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जांच टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंच पाती है और बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच यह मामला आगे क्या मोड़ लेता है।



अन्य सम्बंधित खबरें