news-details

CG : कलेक्टर के आदेशों की उड़ रही धज्जियां, पामगढ़ के पेट्रोल पंप में खास लोगों को बोतल में दिया जा रहा पेट्रोल

जिले में ईंधन की खपत को नियंत्रित करने प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ पेट्रोल पंप संचालक नियमों को ताक पर रखकर मनमानी करते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला पामगढ़ तहसील के चेऊडीह स्थित मधुकर फ्यूल्स पेट्रोल पंप का है, जहां आम लोगों और खास लोगों के लिए अलग-अलग नियम लागू किए जाने का आरोप लगा है।

जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप में आम उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, लोगों को सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, पंप संचालक अपने परिचित और खास लोगों को बोतलों में पेट्रोल उपलब्ध कराते नजर आए, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

गौरतलब है कि ईंधन की उपलब्धता और खपत को संतुलित बनाए रखने के लिए सरकार और जिला प्रशासन लगातार लोगों से सहयोग की अपील कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि भी अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम कर उदाहरण पेश कर रहे हैं। ऐसे में पेट्रोल पंप पर इस तरह की लापरवाही कई सवाल खड़े कर रही है।

मामले में जब मीडिया ने पंप संचालक से सवाल पूछे, तो उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें