सिम्स अस्पताल की लॉन्ड्री में मारपीट, अधीक्षक की सख्ती के बाद दोनों ठेका कर्मी हटाए गए
Chhattisgarh Institute of Medical Sciences (सिम्स) अस्पताल की लॉन्ड्री में काम करने वाले दो ठेका कर्मियों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों कर्मचारियों को काम से हटवा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, लॉन्ड्री में ठेकेदार के अधीन कार्यरत देव नगर कोनी निवासी मदन यादव और विनय रजक के बीच काम के समय को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोप है कि विनय रजक ने गाली-गलौज करते हुए मदन यादव को जान से मारने की धमकी दी और किसी नुकीली वस्तु के साथ हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में मदन यादव के हाथ के अंगूठे में चोट आई है। घटना के बाद मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई, जहां पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, सिम्स अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने अस्पताल परिसर में हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अस्पताल का माहौल खराब करने वाले दोनों ठेका कर्मियों को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश ठेकेदार को दिए। अधीक्षक के निर्देश के बाद ठेकेदार ने दोनों कर्मचारियों को सिम्स अस्पताल से हटा दिया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि परिसर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता और हिंसक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।