news-details

CG : डैम में डूबने से गर्भवती मां और बेटी की मौत, बड़ी बेटी ने तैरकर बचाई जान

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में रविवार को घोघरा डैम में डूबने से 8 माह की गर्भवती महिला और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई। नहाने के दौरान मां-बेटी गहरे पानी में चली गई, जिससे दोनों की जान चली गई। घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम बालाझार की रहने वाली सुकांती तिग्गा (32) रविवार दोपहर अपनी दो बेटियों के साथ घोघरा डैम गई थीं। वह डैम किनारे कपड़े धोने के साथ-साथ बच्चों के साथ नहा रही थीं। इसी दौरान सुकांती और छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा (8) अचानक गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं।

घटना के समय साथ मौजूद बड़ी बेटी आराधना तिग्गा (10) ने तैरकर अपनी जान बचाई। वह घबराई हुई हालत में घर पहुंची और परिजनों सहित ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तत्काल डैम की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी खोजबीन की।

शव बरामद

डैम किनारे महिला के कपड़े, बाल्टी और चप्पलें पड़ी मिलीं। सूचना पर पत्थलगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 जांच जारी

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों शवों को बाहर निकाल लिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

 

 



अन्य सम्बंधित खबरें