महासमुंद : आग से बचाव के लिए जिला अग्निशमन विभाग की अपील
गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं की संभावना को देखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला अग्निशमन विभाग ने आम नागरिकों से सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने की स्थिति में तुरंत डायल 112 अथवा अग्निशमन केन्द्र महासमुंद के फोन नंबर 07723-296101 पर सूचना दें। आग लगते ही सबसे पहले भवन में लगे फायर अलार्म को सक्रिय करें तथा लिफ्ट का उपयोग करने के बजाय केवल सीढ़ियों का प्रयोग करें।
धुएं से घिरने की स्थिति में नाक और मुंह को गीले कपड़े से ढंककर सुरक्षित स्थान की ओर जाने की सलाह दी गई है। विभाग ने घर और कार्यालयों में स्मोक डिटेक्टर लगाने तथा अग्निशमन यंत्र के उपयोग की जानकारी रखने पर भी जोर दिया है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के कपड़ों में आग लग जाए तो वह भागे नहीं, बल्कि जमीन पर लेटकर उलट-पलट करें और कंबल या भारी कपड़े से आग बुझाने का प्रयास करें। इसके अलावा खेतों में पराली, जंगलों में सूखे पत्तों तथा कचरे के ढेर में आग नहीं लगाने की अपील की गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कटे या खुले विद्युत तारों को खुला छोड़ने तथा घरेलू गैस सिलेंडर के रेगुलेटर को उपयोग के बाद खुला रखने से आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
जिला अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।