CG : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूटने वाल... - CG Sandesh

CG : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूटने वाला आरोपी पकड़ाया

रायपुर। आज विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक प्मॉर्निंग वॉक हेतु अपने शासकीय निवास से निकले थे। प्रातः लगभग 07:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात मोटर सायकल सवार युवक द्वारा उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पहुंचे क्राइम ब्रांच एवं थानों की संयुक्त टीमों को तत्काल आरोपी की पतासाजी हेतु लगाया गया। घटना स्थल एवं संभावित रूट के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। साथ ही तकनीकी विश्लेषण एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस को सक्रिय करते हुए आरोपी की लगातार तलाश की गई।

पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी का नाम मणिकांत ध्रुव पिता राजेंद्र ध्रुव, उम्र लगभग 19 वर्ष है, जो मूलतः जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी है तथा वर्तमान में थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर, रायपुर में निवासरत है। आरोपी द्वारा यदा-कदा रैपिडो चलाने का कार्य भी किया जाता है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा प्रत्येक अपराध को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी एवं छीने/चोरी गए माल मशरूका की बरामदगी की जा रही है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

घटना ऐसे समय हुई, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजधानी दौरे पर थे और शहर में हाई अलर्ट लागू था। इसके बावजूद हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए।

मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि “आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए।”


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें