news-details

चलती गाड़ियों पर पथराव करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बिलासपुर पुलिस ने भेजा जेल

बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र में चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंककर हादसा करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला 20 अप्रैल का है, जब ग्राम झाल और बरतोरी के पास मुख्य मार्ग पर अज्ञात युवकों ने अचानक एक ट्रक, मेटाडोर और स्कॉर्पियो वाहन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया था। पथराव के चलते वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरे, जिससे उनमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 40 से 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों की पहचान की गई। पुलिस ने नयापारा धमतरी निवासी 21 वर्षीय पंकज कुमार और कोहरौदा बिल्हा निवासी 30 वर्षीय मोहन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चलती गाड़ियों पर पथराव करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, ईंट और पत्थर भी जब्त कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना के बाद पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इस वारदात को किस उद्देश्य से अंजाम दिया था।



अन्य सम्बंधित खबरें