बिलासपुर वार्ड 29 उपचुनाव: कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी ताकत, नामांकन के अंतिम दिन दिखा शक्ति प्रदर्शन
न्यायधानी बिलासपुर के नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर तारबाहर में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। 1 जून को मतदान और 4 जून को मतगणना से पहले सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने शेख मोहम्मद आजम पर जताया भरोसा
कांग्रेस ने इस उपचुनाव में स्वर्गीय पूर्व पार्षद शेख असलम के पुत्र शेख मोहम्मद आजम को मैदान में उतारा है। वार्ड नंबर 29 को पिछले लगभग 35 वर्षों से कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। स्वर्गीय शेख गफ्फार लगातार इस वार्ड से पार्षद रहे थे और अब कांग्रेस उसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
नामांकन रैली के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इस मौके पर पूर्व शिक्षामंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल भी शामिल हुए। उन्होंने दावा किया कि वार्ड क्रमांक 29 में एक बार फिर कांग्रेस की जीत तय है।
कांग्रेस प्रत्याशी शेख मोहम्मद आजम ने कहा कि वे वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से हल करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
नामांकन रैली में अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव शिल्पी तिवारी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
भाजपा ने मधुसूदन राव को बनाया उम्मीदवार
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड क्रमांक 29 से मधुसूदन राव को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने नामांकन दाखिल किया।
बताया जा रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय और वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुई भाजपा जिला शहर कोर ग्रुप की बैठक में मधुसूदन राव के नाम पर सहमति बनी थी।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव ने कहा कि वार्ड की जनता पूर्व जनप्रतिनिधियों से परेशान है और इसका फायदा भाजपा को इस उपचुनाव में मिलेगा। उन्होंने विकास और जनसमस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
1 जून को मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे
वार्ड क्रमांक 29 का यह उपचुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। अब दोनों ही दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में जुट गए हैं। 1 जून को मतदान होगा, जबकि 4 जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे।