news-details

पेट्रोल-डीजल और महंगाई को लेकर कांग्रेस का हमला, उमेश पटेल ने केंद्र सरकार को घेरा

बिलासपुर में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने, एक साल तक सोना नहीं खरीदने और खाद-उर्वरकों के सीमित इस्तेमाल की अपील के बाद देशभर में कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में बिलासपुर में भी कांग्रेस लगातार आंदोलन कर रही है।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का किया जिक्र

उमेश पटेल ने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 तक केंद्र में रही कांग्रेस सरकार और तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश में पेट्रोल-डीजल भंडारण की मजबूत व्यवस्था विकसित की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में मौजूदा केंद्र सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर आम जनता और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।

सोने की बढ़ती कीमतों पर भी साधा निशाना

प्रेस वार्ता के दौरान उमेश पटेल ने सोने की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज सोने के दाम डेढ़ लाख रुपये के पार पहुंच चुके हैं, जिससे मध्यम वर्ग पहले ही खरीदारी से दूर हो चुका है। ऐसे में प्रधानमंत्री की अपील का औचित्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है और आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं। इसी के विरोध में कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें