संभागीय स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सीएचसी लटोरी का रात में औचक निरीक्षण
सूरजपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लटोरी में संभागीय स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने बीती रात अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें स्वास्थ्य व्यवस्था की कई गंभीर खामियां सामने आईं।
अस्पताल में मिली अव्यवस्था
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। साथ ही शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित IEC फ्लेक्स और प्रचार सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिली।
ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टर और कर्मचारी
औचक निरीक्षण के दौरान आपातकालीन ड्यूटी में तैनात डॉ. साव अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा अस्पताल के करीब 5 से 6 कर्मचारी पिछले तीन से चार दिनों से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले।
अनुपस्थित कर्मचारियों को जारी होगा नोटिस
ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों को अवैतनिक करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए।