CG : पैसों के विवाद में चाकू गोदकर युवक की हत्या, 4 आरोपी गि... - CG Sandesh

CG : पैसों के विवाद में चाकू गोदकर युवक की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार, लोगों में दहशत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर चाकूबाजी की घटनाओं से दहल उठी है। बीते 24 घंटे के भीतर शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों खमतराई, टिकरापारा और विधानसभा में चाकूबाजी की वारदातें सामने आने से लोगों में डर का माहौल है। इनमें सबसे सनसनीखेज मामला विधानसभा थाना क्षेत्र की आमासिवनी बस्ती का है, जहां पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस की जोनल गश्त टीम को सूचना मिली कि आमासिवनी स्थित पीएम आवास कॉलोनी में एक युवक गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुकृत खांडे के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि सुकृत का कुछ युवकों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। देर रात यही विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मिलकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद विधानसभा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात ही दबिश देकर चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में राकेश गुप्ता उर्फ पानी (26), देवदास उर्फ हड्डी बंजारे (20), विनोद उर्फ विक्की हिरवानी (26) और एक 16 वर्षीय नाबालिग शामिल है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल चाकू की तलाश भी जारी है।

इधर, खमतराई और टिकरापारा थाना क्षेत्रों में भी अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में युवकों पर जानलेवा हमला किया गया, जिनका इलाज अस्पताल में जारी बताया जा रहा है। हालांकि इन मामलों में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शहर में चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें