news-details

बसना : 127.47 लाख रुपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण, ग्राम गणेशपुर में पहुंचा हर घर नल से जल

विकासखंड बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर आज केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन और छत्तीसगढ़ शासन के प्रभावी क्रियान्वयन से जल संकट से मुक्त हो गया है। कभी पेयजल संकट से जूझने वाला यह गांव अब हर घर, जल की उपलब्धता होने से आत्मविश्वास और खुशहाली के साथ जीवन यापन कर रहा है।

ग्रामीणजन बताते है कि एक समय ऐसा था जब पूरे गांव के लिए केवल 08 हैंडपंप ही पानी का सहारा थे। गर्मी के दिनों में जलस्तर घटने के कारण ग्रामीणों को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ता था।

महिलाओं और बच्चों का बड़ा समय केवल पानी लाने में ही बीत जाता था। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना तथा राज्य शासन के सतत प्रयासों से गांव में स्थायी समाधान तैयार किया गया।

योजना के तहत लगभग 127.47 लाख रुपए की लागत से गांव में 40 किलोलीटर क्षमता की विशाल पानी टंकी का निर्माण कराया गया तथा 1750 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर गांव के हर मोहल्ले तक जल आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

योजना के अंतर्गत 130 घरों में नल कनेक्शन दिए गए, जिससे अब प्रत्येक परिवार को घर बैठे स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इसी उपलब्धि के चलते ग्राम गणेशपुर को हर घर जल प्रमाणित गांव घोषित किया गया।

इस कार्य में ग्राम पंचायत की सरपंच मदना बाई पटेल की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने ग्रामीणों को योजना से जोड़ते हुए जनसहभागिता को बढ़ावा दिया और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में विशेष योगदान दिया।

गांव में लोगों को पानी के सतत उपयोग, जल संवर्धन और जलकर के महत्व के बारे में भी समझाया गया, ताकि योजना का संचालन और संधारण लंबे समय तक सुचारु रूप से चलता रहे।

विशेष पहल के तहत गांव की जल बहनों को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया। अब वे समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच कर गांववासियों को सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित कर रही हैं। इससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति भी जागरूकता बढ़ी है।

योजना से लाभान्वित हितग्राही बेदमति बताती हैं कि पहले उन्हें दूर से पानी लाना पड़ता था, जिससे काफी समय और मेहनत लगती थी। अब घर में नल से पानी मिलने से उनकी परेशानी खत्म हो गई है और जीवन स्तर में बड़ा सुधार आया है।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें