रायगढ़ : नगर निगम सभागार में मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित
नगर निगम सभागार में जनगणना के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना प्रभारी उपायुक्त सुतीक्षण यादव सहित पांच मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे। इस दौरान जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी लेकर उनकी सूची एकत्रित की गई।
बैठक में मकान सूचीकरण कार्य की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण के तहत नगर निगम क्षेत्र के 48 वार्ड और 3 बाहरी वार्डों में मकान सूचीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जिन स्थानों पर तकनीकी या मैदानी स्तर पर समस्याएं सामने आ रही हैं, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और सुझाव दिए गए।
उपायुक्त सुतीक्षण यादव ने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने जिम्मेदारी और मेहनत के साथ अपना दायित्व निभाया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बेहतर प्रदर्शन के कारण जनगणना के प्रथम चरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है और अधिकांश लक्ष्य पूरे कर लिए गए हैं। साथ ही शेष कार्य को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मास्टर ट्रेनरों ने कर्मचारियों को डाटा संग्रहण, रिकॉर्ड संधारण और फील्ड में आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना शासन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। बैठक के अंत में सभी कर्मचारियों को समन्वय और सतर्कता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।