रायगढ़ को मिली 16 अत्याधुनिक डायल-112 ईआरव्ही वाहनों की सौगात
रायगढ़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था, त्वरित सहायता और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार ने डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन योजना के तहत 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरव्ही) उपलब्ध कराए हैं। बुधवार को पुराना पुलिस लाइन, रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि डॉयल-112 सेवा के विस्तार से अब रायगढ़ जिले के लोगों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी सहायता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार तकनीक आधारित सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि अब 112 सेवा के साथ पुलिस सहायता के अलावा मेडिकल इमरजेंसी, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सहायता सेवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे आम नागरिकों को एकीकृत आपातकालीन सहायता उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉयल-112 योजना वर्ष 2018 से प्रदेश के 16 जिलों में संचालित थी, जिसे अब फेज-2 के तहत छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 400 आधुनिक ईआरव्ही वाहन तैनात किए गए हैं, जिनमें से रायगढ़ जिले को 16 वाहन प्राप्त हुए हैं।
एसएसपी ने बताया कि इन अत्याधुनिक वाहनों में पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस, मोबाइल डेटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल जैसी आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं की मदद से घटनास्थल पर तेजी से पहुंचकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। योजना के प्रभावी संचालन के लिए रायपुर में अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ‘सी-4’ भी स्थापित किया गया है, जहां से पूरे नेटवर्क की निगरानी की जाएगी।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने आधुनिक डॉयल-112 वाहनों को रवाना कर जिले को नई सुरक्षा व्यवस्था की सौगात दी।