बसना : सोमवार रात से लापता 45 वर्षीय व्यक्ति की दो दिन बाद घ... - CG Sandesh

बसना : सोमवार रात से लापता 45 वर्षीय व्यक्ति की दो दिन बाद घर से डेढ़ सौ मीटर दूर मिली लाश

बसना थाना अंतर्गत भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेलाभाटा में सोमवार रात से लापता 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव उसके घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर एक झोपड़ी (झाला) के पास मिलने से गांव सहित आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर भंवरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है। मौत का कारण बिजली करंट बताया जा रहा है। फिलहाल स्पष्टता के अभाव में मौत का कारण अभी संदेहास्पद माना जा रहा है और पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेलाभाटा निवासी सुरेश सिदार पिता समारू सिदार (45 वर्ष) अपने परिवार के साथ निवास करता था। परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित चार सदस्य हैं। कुछ दिनों पूर्व उसकी पत्नी और पुत्री धान कटाई मजदूरी के लिए ओडिशा गई हुई थीं, जिसके कारण घर में केवल सुरेश और उसका पुत्र ही रह रहे थे। 

बताया जा रहा है कि सोमवार रात गांव में एक बैठक आयोजित की गई थी। उस दौरान सुरेश सिदार ने अपने पुत्र से कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह मकान के छत पर जाकर सो रहा है, इसलिए वह गांव की बैठक में चला जाए। बैठक से लौटने के बाद पुत्र भी सो गया।

मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उसके पिता नीचे नहीं आए, तब उसने छत पर जाकर देखा, लेकिन वहां सुरेश सिदार मौजूद नहीं था। इसके बाद उसने आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पूरे दिन तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया। 

बुधवार सुबह भी जब सुरेश का कोई सुराग नहीं मिला, तब गांव के कोटवार से मुनादी कराकर ग्रामीणों से खोजबीन में सहयोग करने की अपील की गई। मुनादी के बाद एक युवती, जो खेत की ओर शौच के लिए गई थी, उसने आकर जानकारी दी कि गांव से लगभग डेढ़ सौ मीटर दूर खेत के पास स्थित एक झोपड़ी (झाला) के समीप एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां परिजनों और गांव वालों ने शव की पहचान सुरेश सिदार पिता समारू सिदार (45 वर्ष) के रूप में की। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग झोपड़ी के पास बोरवेल के बिजली तार की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ लोग स्पष्टता के अभाव में इसे संदेहास्पद मौत मान रहे हैं। 

हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। बाद में घटना की सूचना भंवरपुर पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बसना भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। 

फिलहाल भंवरपुर पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की विवेचना कर रही है। सुरेश सिदार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।


author

सी. डी. बघेल

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 से अधिक वर्षों का लंबा अनुभव। बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को ग्राउंड ज़ीरो से उठाने में विशेषज्ञता। दो दशकों से लगातार खोजी पत्रकारिता और विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क - +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें