CG : भाजपा नेत्री से करोड़ों की ठगी के बाद दुष्कर्म, रसूखदार कारोबारी के खिलाफ FIR दर्ज
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है, जहाँ एक भाजपा नेत्री के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के बाद दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने झारखंड के रांची निवासी रसूखदार ठेकेदार और कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, करीब दो साल पहले आरोपी संजय सिंह ने खुद को एक बड़ा उद्योगपति बताकर महिला नेत्री से जान-पहचान बढ़ाई थी और उसे माइनिंग (खनन) के कारोबार में निवेश करने पर दोगुने मुनाफे का लालच दिया था। आरोपी के झांसे में आकर भाजपा नेत्री ने व्यापार में पार्टनरशिप के नाम पर करोड़ों रुपये का निवेश कर दिया। इसी नजदीकी का फायदा उठाते हुए आरोपी संजय सिंह ने महिला के भरोसे का कत्ल किया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, इसके बाद आरोपी ने लगातार ब्लैकमेलिंग करते हुए पीड़िता से और पैसों की मांग शुरू कर दी। प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और अब दोनों के बीच हुए मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक लेनदेन तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर और फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।