CG: बिजली तार की चपेट में आने से तेंदूपत्ता से भरे माजदा वाहन में लगी भीषण आग, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान
कबीरधाम (बोड़ला ) - जिले के नगर पंचायत बोड़ला के बड़े तालाब देहानपारा के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेंदूपत्ता से भरे एक माजदा वाहन में बिजली तार के शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना में चालक और परिचालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार चालक अशोक साहू निवासी भोंदा, वाहन क्रमांक CG 09 JH 7787 में तेंदूपत्ता भरकर भोंदा से बोड़ला डिपो लेकर जा रहा था। दोपहर लगभग 12 बजे जब वाहन बोड़ला के बड़े तालाब देहानपारा के पास पहुंचा, तभी ऊपर से गुजर रहे बिजली तार के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट हुआ और वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर पंचायत बोड़ला की फायर ब्रिगेड टीम और पानी टैंकर मौके पर पहुंचे तथा घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक माजदा वाहन पूरी तरह जल चुका था।
घटना की सूचना पर वार्ड पार्षद नरेश साहू और बोड़ला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक तेंदूपत्ता भरा गया था, जिसके कारण वह बिजली तार के बेहद करीब पहुंच गया और यह हादसा हो गया।
आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड में पानी की कमी भी सामने आई। दमकल वाहन को बीच में पानी भरने जाना पड़ा, जिससे आग और तेजी से फैलने लगी। इस दौरान वार्ड पार्षद नरेश साहू, नगर पंचायत कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
घटना के बाद नगरवासियों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत बोड़ला के बड़े क्षेत्र के लिए केवल एक फायर ब्रिगेड पर्याप्त नहीं है, जिसके कारण समय पर आग पर काबू पाने में परेशानी होती है।