बागबाहरा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे कमरौद, बरगद पेड... - CG Sandesh

बागबाहरा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे कमरौद, बरगद पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों के साथ लगाई चौपाल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज़ सुशासन तिहार अंतर्गत औचक निरीक्षण में महासमुंद जिले के विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत ग्राम कमरौद पहुंचे। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एवं विशेष सचिव रजत बंसल भी उनके साथ हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हेलीपेड पर जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारियो के द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत कियागया । जनप्रतिनिधियों ने गुललदस्ता देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने अपने प्रदेशव्यापी दौरे के तहत 16वें जिले के प्रवास के दौरान ग्राम कमरौद का दौरा किया, जहाँ उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से सीधा और आत्मीय संवाद कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। गाँव पहुँचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले माँ दुर्गा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की जनता की सुख, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।

इसके बाद उन्होंने गाँव में एक बरगद पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, येतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नी लाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर और अलका चंद्राकर सहित मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार, विशेष सचिव रजत बंसल, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनका सौभाग्य है कि वे ग्राम कमरौद आए हैं। उन्होंने जनता से कहा कि हमारे यहाँ आने का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि आप सभी को राशन, बिजली, महतारी वंदन योजना की राशि जैसी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कक्षा 5वीं के छात्र पूर्वांश साहू से हँसते हुए पूछा कि "सैल्फी लेंगे क्या?" जिसके बाद छात्र ने सहर्ष मुख्यमंत्री के साथ अपनी सेल्फी ली। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से विशेष रूप से पूछा कि महतारी वंदन योजना का पैसा सबको मिल रहा है या नहीं, जिस पर अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश की माताएं इस योजना से बेहद खुश हैं और यहाँ तक कि एक माँ तो इस राशि को अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए बैंक में जमा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को बिजली बिल समाधान योजना की जानकारी देते हुए अपील की कि वे लाभ उठाने के लिए बिजली विभाग में अपना पंजीयन जरूर कराएं। प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 18 लाख मकान स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख मकान बन चुके हैं और सरकार द्वारा लगातार हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जा रहा है। देश में चल रहे खाद संकट पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खाड़ी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह संकट बना हुआ है, फिर भी हमारी सरकार किसानों की पूरी चिंता कर रही है और उन्हें समय पर खाद उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद के विकल्प के रूप में नैनो यूरिया के उपयोग की तरफ बढ़ने का आह्वान किया।

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार बहुत जल्द एक नया ऑनलाइन सिस्टम और टोल फ्री नंबर शुरू करने जा रही है, जिससे लोग घर बैठे सिर्फ एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान पा सकेंगे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि राज्य में 6,000 अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोले गए हैं, जिससे ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही इंटरनेट और डिजिटल सुविधाएं मिल सकेंगी। क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सिंचाई की सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है और इस जिले के लिए सिरपुर बैराज तथा सीकासेर से कोडार परियोजना जीवनदायिनी साबित होगी।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी सफलता की कहानियाँ और आवश्यकताएँ साझा कीं। ग्राम की लता सहिस ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें योजना के तहत पक्का मकान, महतारी वंदन की राशि और गैस सिलेंडर मिला है। वहीं लखपति दीदी परी साहू ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि वे बिहान योजना से जुड़ी हैं, जिससे मदद पाकर आज वे एक फैंसी और किराना दुकान का संचालन कर रही हैं और उन्होंने क्लस्टर के लिए एक नए भवन की मांग भी रखी। मछली पालन करने वाले ग्रामीण मधु साहू ने जब अपनी जमीन पर पानी की कमी की समस्या बताई, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें संवेदनशीलता के साथ सोलर बोर लगवाने का सुझाव दिया।

इस दौरान पूर्व सरपंच भवन साहू ने ग्राम विकास के लिए मुक्ति धाम, सीसी रोड, तालाब सौंदर्यकरण की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कहा जी राम जी में ग्राम विकास के कार्य होंगे। कमरौद से चरोदा मार्ग की मांग।

मोहन कुलदीप ने ग्राम की और से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सोलर पेनल लगवाया हूं 3500 बिल आता था। लेकिन अब बिल शून्य आता है। 1 लाख 08 हजार सब्सिडी मिला। दिसंबर 2025 में लगवाया हूं।

मुख्यमंत्री  ने माहिलाओं के लिए सर्वसुविधा युक्त भवन की घोषणा की। कमरौद से चरोदा मार्ग 4 km सड़क की घोषणा। कमरौद में मुक्ति धाम की घोषणा।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें