भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण ने राहुल गांधी का फूंका पुतला, बयानबाजी के खिलाफ किया प्रदर्शन
बिलासपुर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर जिला ग्रामीण एवं भाजयुमो ग्रामीण के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन देश के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सार्वजनिक मंचों पर भाषा की मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि हाल के दिनों में राजनीतिक बयानबाजी का स्तर लगातार गिरता जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुंच रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी अपने शीर्ष नेतृत्व के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भविष्य में भी इस तरह की टिप्पणियों का पुरजोर विरोध करने की बात कही।