छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : रतनपुर पुलिस ने गांजा तस्... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : रतनपुर पुलिस ने गांजा तस्कर को किया गिरफ्तार, 60 हजार का मादक पदार्थ जब्त

न्यायधानी बिलासपुर की रतनपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसके कब्जे से 1 किलो 164 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच 21 मई 2026 को रतनपुर थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरभाठा बेलतरा निवासी नीरज कुमार नेताम अपने घर में गांजा छिपाकर रखे हुए है और ग्राहकों को उसकी सप्लाई कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राम बरभाठा बेलतरा पहुंचकर आरोपी के घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर में छिपाकर रखा गया 1 किलो 164 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर सील कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजे की खेप कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें