CG : बैराग तालाब में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत, दो भाइयों को लोगों ने बचाया
बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका बोदरी स्थित बैराग तालाब में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। भीषण गर्मी से राहत पाने तालाब में उतरे तीन भाइयों में से एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में गहरे पानी में फंसे दो अन्य भाइयों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अमसेना निवासी 18 वर्षीय हिमांशु कौशिक अपने भाई वैभव कौशिक और चचेरे भाई शिवांश कौशिक के साथ बोदरी आया हुआ था। वार्ड क्रमांक 7 में उनके पिता प्रभात कौशिक का मकान निर्माणाधीन है, जहाँ वे काम करवा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय तीनों भाई अपने पिता के लिए टिफिन लेकर पहुंचे थे।
टिफिन देने के बाद गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए तीनों युवक पास स्थित बैराग तालाब में नहाने चले गए। नहाने के दौरान हिमांशु तालाब के उस हिस्से में चला गया जहाँ पानी काफी गहरा था। गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह अचानक डूबने लगा। हिमांशु को डूबता देख उसके भाई वैभव और चचेरे भाई शिवांश ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी गहरे पानी में फंस गए।
तालाब के आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को मदद के लिए चिल्लाते देखा तो तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने हिमांशु कौशिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं वैभव और शिवांश की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।