रायगढ़ जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक : जिले में शांति और सुरक... - CG Sandesh

रायगढ़ जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक : जिले में शांति और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अवैध कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

रायगढ़ जिला प्रशासन द्वारा कानून एवं शांति व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, नशा नियंत्रण, औद्योगिक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने की। इस दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल चिन्हित करने तथा बिना अनुमति रैली, जुलूस और प्रदर्शन आयोजित करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक आयोजन तय स्थानों पर ही आयोजित किए जाएं, ताकि आमजन को परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

सड़क दुर्घटनाओं और बढ़ती मृत्यु दर को गंभीर विषय बताते हुए कलेक्टर ने जिले के ब्लैक स्पॉट्स पर किए जा रहे सुधार कार्यों की समीक्षा की। छातामुड़ा चौक, पटेलपाली, कोड़ातराई, ऊर्दना तिराहा, जोरापाली और कांशीचुवा समेत कई स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, संकेतक बोर्ड, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे कार्य किए गए हैं।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने गांजा, सूखा नशा और अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को समन्वय बनाकर ट्रांसपोर्ट, कुरियर सेवाओं और गोदामों की नियमित जांच करने को कहा।

इस दौरान डायल-112 सेवा की आधुनिक सुविधाओं की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई। पीटीजेड कैमरा, जीपीएस और मोबाइल डेटा टर्मिनल से लैस यह सेवा पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन और महिला हेल्पलाइन जैसी सेवाओं से जुड़ी हुई है।

बैठक में “राह-वीर योजना” की भी जानकारी दी गई, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।



अन्य सम्बंधित खबरें