CG : नगर पालिक निगम रायगढ़ के सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी भ... - CG Sandesh

CG : नगर पालिक निगम रायगढ़ के सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी भीड़, 103 आवेदन प्राप्त

शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार” के तहत नगर पालिक निगम रायगढ़ द्वारा राजीव नगर सामुदायिक भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर वार्ड क्रमांक 1 से 4 तथा 39 और 40 के नागरिकों के लिए लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे। शिविर में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए।

प्राप्त आवेदनों में सड़क निर्माण, नाली-नाला निर्माण, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मांगें प्रमुख रहीं। शिविर में नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां नागरिकों ने सीधे अधिकारियों तक अपनी समस्याएं और मांगें पहुंचाईं।

एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिली। साथ ही नागरिकों को आवेदनों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और एक ही स्थान पर आवेदन देने की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि निगम प्रशासन की प्राथमिकता प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

सभापति डिग्रीलाल साहू ने शिविर को आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल बताया। वहीं एमआईसी सदस्य पंकज कंकरवाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने विभागवार आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवेदन तत्काल संबंधित विभागों को भेजने और ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्ध निराकरण और सतत मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।



अन्य सम्बंधित खबरें