बिलासपुर में विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार, अशोक नगर-बिरकोना... - CG Sandesh

बिलासपुर में विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार, अशोक नगर-बिरकोना मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण

बिलासपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अशोक नगर चौक से बिरकोना जाने वाले मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की है। प्रस्तावित सड़क और नाली निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाते हुए निगम ने विकास कार्यों का रास्ता साफ किया है।

नगर निगम द्वारा की गई कार्रवाई के तहत मार्ग में संचालित अवैध ठेले और गुमटियों को हटाया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए यह कदम जरूरी था।

नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी संतोष वर्मा ने बताया कि सड़क और नाली निर्माण के दायरे में कुछ मंदिर भी आ रहे हैं, जो तकनीकी रूप से अवैध रूप से निर्मित थे। प्रशासन ने धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इन मंदिरों को सुरक्षित तरीके से अन्य निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने की योजना बनाई है।

उन्होंने कहा कि नए स्थान पर मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा ताकि विकास कार्य भी प्रभावित न हो और स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था को भी कोई ठेस न पहुंचे।

नगर निगम का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सड़क निर्माण और नाली व्यवस्था का काम तेजी से आगे बढ़ सकेगा, जिससे नागरिकों को बेहतर यातायात और जल निकासी सुविधा मिल पाएगी।



अन्य सम्बंधित खबरें