रायगढ़ में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 44 लाख के सीसी रोड-नाली निर्माण का शुभारंभ
रायगढ़ शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने वार्ड क्रमांक 16 एवं वार्ड क्रमांक 40 में कुल 44 लाख रुपये की लागत से होने वाले सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।
वार्ड क्रमांक 16 में दशरथ पान ठेला के सामने 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन क्षेत्रीय पार्षद अशोक यादव की उपस्थिति में किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 40 स्थित सुभाष नगर कॉलोनी में 25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा। स्थानीय नागरिक लंबे समय से इन कार्यों की मांग कर रहे थे, जिसे अब प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और रायगढ़ के विकास के प्रति समर्पण के कारण शहर में लगातार करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं। इससे रायगढ़ तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।