बसना : सुशासन तिहार अरेकेल में प्राप्त 986 आवेदन में 39 का म... - CG Sandesh

बसना : सुशासन तिहार अरेकेल में प्राप्त 986 आवेदन में 39 का मौके पर हुआ निराकरण

जनपद पंचायत बसना अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना “सुशासन तिहार” के अंतर्गत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला अरेकेल में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ब्लॉक स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 986 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 39 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष 947 आवेदन संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किए गए हैं। अधिकारियों द्वारा लंबित आवेदनों के समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। 

शिविर में प्राप्त आवेदन मुख्यतः राजस्व, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, पेयजल, विद्युत, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित रहे। कार्यक्रम में पंचायत बसना की अध्यक्ष श्रीमती डिलेश्वरी निराला के पति मिलाप सिंह निराला , जनपद पंचायत बसना के सभापति दीपा अरुण साहू, जनमजय साहू, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, अमृत चौधरी, सरोज पटेल, रमेश अग्रवाल तथा नरेंद्र बोरे , पार्षद पिंटू अरोरा मंचस्थ रहे। 

शिविर में प्रशासनिक अमले की सक्रिय उपस्थिति रही, जिसमें एसडीएम बसना हरिशंकर पैकरा, जनपद पंचायत बसना के सीईओ पीयूष सिंह ठाकुर, तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू, आरईएस एसडीओ नयन प्रधान, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपेंद्र कुमार नाग, बीईओ बद्रीविशाल जोल्हे तथा बीआरसी अनिल सिंह साव प्रमुख रूप से शामिल थे। 

इसके अलावा लगभग 20 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष सिंह ठाकुर ने कहा कि शासन की मंशा केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाना है। 

उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को उनके द्वार तक पहुंचकर सुना जा रहा है तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। 

वहीं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हरिशंकर पैकरा ने अपने संबोधन में कहा कि शासन द्वारा सुशासन तिहार जैसी पहल का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच दूरी को कम करना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन तक सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे, इसके लिए प्रशासन प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष खुलकर रखने की अपील की।शिविर के दौरान विभाग प्रमुखों द्वारा अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की गई। 

ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति से समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया सरल हुई है।उल्लेखनीय है कि बसना विकासखंड की 102 पंचायतों को 6 सेक्टरों में विभाजित कर सुशासन तिहार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आज पांचवां शिविर अरेकेल में संपन्न हुआ। अगला छठवां और अंतिम शिविर 4 जून 2026 को सिंघनपुर में आयोजित किया जाएगा।


author

सी. डी. बघेल

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 से अधिक वर्षों का लंबा अनुभव। बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को ग्राउंड ज़ीरो से उठाने में विशेषज्ञता। दो दशकों से लगातार खोजी पत्रकारिता और विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क - +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें