बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भूपेश बघेल और चरणदास महंत ने किया रोड शो
जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार के तहत बुधवार शाम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत चार विधायकों ने बम्हनीडीह में भव्य रोड शो किया।
कांग्रेस नेताओं ने वार्ड क्रमांक 3 से रोड शो की शुरुआत की और नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जनता को कांग्रेस सरकार द्वारा बम्हनीडीह को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने और विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही भाजपा सरकार पर पूर्व में स्वीकृत विकास कार्यों को रोकने का आरोप लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने बम्हनीडीह को कांग्रेस का गढ़ बताते हुए इस चुनाव में भी कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बम्हनीडीह नगर पंचायत का यह पहला चुनाव है, इसलिए यह क्षेत्र की जनता और कांग्रेस संगठन दोनों के लिए अहम माना जा रहा है। जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले की छह विधानसभा सीटों में कांग्रेस का प्रभाव होने के कारण पार्टी इस चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का कार्यकाल ढाई साल ही शेष है। इसके बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर बम्हनीडीह में विशेष विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने जनता से कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।
वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भाजपा नेताओं पर जनता को डराने और धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग वोट नहीं देने पर नौकरी और व्यापार प्रभावित करने की धमकी दे रहे हैं। महंत ने कहा कि कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता जनता को भरोसा दिलाने बम्हनीडीह पहुंचे हैं और कांग्रेस हमेशा जनता के साथ खड़ी रहेगी।
बम्हनीडीह नगर पंचायत में अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के लिए रामलाल सहारे को प्रत्याशी बनाया है, जबकि 15 वार्डों में पार्षद प्रत्याशी मैदान में उतारे गए हैं। पार्टी चुनाव जीतने के लिए लगातार प्रचार अभियान चला रही है और इसे सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के समर्थन की परीक्षा के रूप में देख रही है।