पंचधारी एनीकट में नहाने और शराबखोरी करने वाले 5 युवक गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई
रायगढ़। जिला प्रशासन द्वारा पंचधारी एनीकट क्षेत्र को हाई रिस्क जोन घोषित किए जाने के बावजूद डेम में नहाने और शराब सेवन करने वालों पर कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर बीएनएसएस और आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने 11 मई को बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर पंचधारी एनीकट एवं आसपास के क्षेत्र में नहाने, तैराकी, पिकनिक, सेल्फी, रील बनाने और वीडियोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को देखते हुए यह आदेश जारी किया गया था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कोतवाली पुलिस को क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक पंचधारी एनीकट में नहा रहे हैं और शराबखोरी कर रहे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देशन में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दीपक कुमार यादव, संतोष कुमार यादव और उमाशंकर साहू निवासी सोनूमुड़ा बजरंग पारा, थाना जूटमिल रायगढ़ डेम में नहाते मिले। पुलिस द्वारा समझाइश देने पर युवक बहस करने लगे और गवाहों को धमकाने लगे। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
वहीं डेम किनारे शराब सेवन करते मिले धनंजय साहू और संजू कंवर के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।