नाबालिगों को नशे के लिए सोल्यूशन बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई
रायगढ़ : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोल्यूशन और नगदी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को सूचना मिली कि रामभांठा स्थित संजय मैदान में एक युवक नाबालिग बच्चों को सोल्यूशन बेच रहा है, जिसका उपयोग बच्चे नशे के रूप में कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार बताया। आरोपी ने खुलासा किया कि वह राउरकेला, ओडिशा से सोल्यूशन खरीदकर रायगढ़ के अलग-अलग इलाकों में बच्चों को 50 से 60 रुपये में बेचता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19 नग सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन, बिक्री रकम 240 रुपये और अन्य सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।