ऑपरेशन क्लीन हंट : रायगढ़ पुलिस ने 230 फरार वारंटियों को किया गिरफ्तार
रायगढ़ : जिले में चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 20 मई से 25 मई तक जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 230 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इनमें 76 स्थायी वारंटी और 154 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार ये आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके कारण उनके खिलाफ गिरफ्तारी और स्थायी वारंट जारी किए गए थे। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अभियान को प्रतिस्पर्धात्मक स्वरूप देते हुए बेहतर कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को पुरस्कृत करने की व्यवस्था भी की है।
स्थायी वारंट तामिली में थाना घरघोड़ा पहले स्थान पर रहा, जहां 17 स्थायी वारंट तामील किए गए। थाना चक्रधरनगर ने 9 और थाना लैलूंगा ने 7 स्थायी वारंट तामील कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं गिरफ्तारी वारंट तामिली में थाना धरमजयगढ़ ने 28 मामलों में कार्रवाई कर पहला स्थान हासिल किया। थाना चक्रधरनगर ने 27 और थाना छाल ने 22 गिरफ्तारी वारंट तामील कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अभियान के दौरान घरघोड़ा पुलिस ने लंबे समय से फरार चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया और निगरानी बदमाश मोहसिन खान उर्फ गुरु पठान को गिरफ्तार किया। वहीं चक्रधरनगर, भूपदेवपुर और लैलूंगा पुलिस ने भी विभिन्न मामलों में फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया। रायगढ़ पुलिस ने कहा कि अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।