हसदेव में फिर पेड़ों की कटाई की तैयारी, भाजपा सरकार अडानी को... - CG Sandesh

हसदेव में फिर पेड़ों की कटाई की तैयारी, भाजपा सरकार अडानी को फायदा पहुंचा रही : दीपक बैज

रायपुर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर हसदेव अरण्य क्षेत्र को उद्योगपति गौतम अडानी के हित में सौंपने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने केते एक्सटेंशन ओपन कास्ट कोल माइनिंग और पिट हेड कोल वॉशरी परियोजना के लिए 1742.60 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वन उपयोग में बदलने की सिफारिश कर दी है, जिससे 7 लाख से अधिक पेड़ों की कटाई का खतरा बढ़ गया है।

दीपक बैज ने कहा कि हसदेव अरण्य मध्य भारत का “लंग्स ज़ोन” माना जाता है और यह क्षेत्र जैव विविधता के साथ आदिवासी समुदायों की आजीविका का भी प्रमुख आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए आदिवासियों के अधिकारों और पर्यावरण की अनदेखी कर रही है।

उन्होंने कहा कि हरैया, फतेहपुर, साल्ही और हर्रई सहित कई गांवों में स्थानीय आदिवासी लगातार खनन परियोजना का विरोध कर रहे हैं। खनन से जंगल, जल स्रोत और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर गंभीर असर पड़ेगा।

बैज ने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2022 में विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर हसदेव क्षेत्र के पांच कोल ब्लॉकों के आवंटन को निरस्त करने की मांग केंद्र सरकार से की थी, लेकिन अब केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से फिर हसदेव के जंगलों पर संकट गहरा गया है।



अन्य सम्बंधित खबरें