CG : रेलवे स्टेशन में ट्रेन से कटकर शिक्षक की मौत
रायपुर/ आरंग। आरंग रेलवे स्टेशन में शुक्रवार शाम एक शिक्षक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस, रेलवे पुलिस, मृतक के परिजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
मृतक की पहचान आशीष बघेल के (41) रूप में हुई है, जो अकोली (कला) स्थित शासकीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि, मृतक के करीबी लोगों के अनुसार वे कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं को लेकर मानसिक तनाव में थे।
घटना के बाद शव को रेलवे ट्रैक से हटाने के लिए परिजनों को देर रात तक रेलवे पुलिस का इंतजार करना पड़ा। बताया जा रहा है कि करीब 11:30 बजे रेलवे पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया गया। देरी को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। देर रात तक घटना स्थल पर आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन, बीईओ दिनेश शर्मा, शिक्षक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।