ग्रामीण डाक सेवकों को मिला जनजागरूकता का जिम्मा, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर
रायगढ़ : जिला पंचायत सभागार रायगढ़ में ग्रामीण डाक सेवकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक डाक अधीक्षक क्षबि लाल पटेल ने कोड़ातराई, पुसौर, रायगढ़ और तमनार क्षेत्र के ग्रामीण डाक सेवकों को डाक विभाग एवं शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए सहायक डाक अधीक्षक ने कहा कि ग्रामीण डाक सेवक विभाग और ग्रामीण जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी डाक सेवकों को अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा लोगों को डाक विभाग की सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि डाक विभाग अब केवल पत्र और पार्सल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बचत योजनाओं, बीमा सेवाओं और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को डाकघर की सेवाओं से जोड़ने की आवश्यकता है।
बैठक में डाकघर बचत खातों की संख्या बढ़ाने, पात्र हितग्राहियों को सुकन्या समृद्धि योजना से जोड़ने तथा अन्य लघु बचत योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बेटियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी जानकारी हर परिवार तक पहुंचाई जानी चाहिए।
इस दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने ग्रामीण डाक सेवकों से पूरी जिम्मेदारी, सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।