बिलासपुर में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 368 बोरी उर्वरक जब्त, गोदाम सीलबंद
बिलासपुर : मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के निर्देश पर खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितताओं के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड बिल्हा के ग्राम सेंदरी में अवैध रूप से भंडारित 368 बोरी उर्वरक जब्त कर गोदाम को सीलबंद कर दिया गया है।
कलेक्टर Sanjay Agrawal के निर्देश एवं उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे सघन निरीक्षण अभियान के तहत कृषि विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम ने मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर के सेंदरी और लोफंदी स्थित प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बड़ी मात्रा में उर्वरक ऐसे स्थान पर रखा गया था, जो संस्था के लाइसेंस में दर्ज अधिकृत गोदामों की सूची में शामिल नहीं था। संबंधित संस्था द्वारा अतिरिक्त किराये के स्थल पर उर्वरक भंडारण के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति और संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
इसके बाद कृषि विभाग ने उक्त उर्वरक को अवैध भंडारण मानते हुए 368 बोरी खाद जब्त कर गोदाम को सीलबंद कर दिया। प्रारंभिक जांच में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा-7 के उल्लंघन के संकेत मिलने पर संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
कृषि विभाग के अनुसार जिले में अब तक 91 से अधिक निजी एवं सहकारी उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है। विभाग ने किसानों से केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद खरीदने, पक्की रसीद लेने तथा खाद-बीज की गुणवत्ता की जांच करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध खाद, बीज या कीटनाशक की जानकारी तत्काल विभाग को देने का आग्रह किया गया है।