महासमुंद : विधायक ने कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ... - CG Sandesh

महासमुंद : विधायक ने कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात का किया श्रवण, भाजपा नेता रहे मौजूद

रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 134वें एपिसोड का प्रसारण हुआ। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने बूथ क्रमांक 215 बीटीआई शक्ति केंद्र विधायक कार्यालय में मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण देखा। इस दौरान भाजपा मंडल महामंत्री अग्रज शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमन वर्मा, भाजपा नेता प्रकाश शर्मा, नंदू जलक्षत्री, चुनेश्वरी साहू, रामेश्वर पटवा, सुरेश साहू, गोपी कन्नौजे उपस्थित थें।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मन की बात पूरे देशवासियों के साथ करते हैं। यह उनके पहले कार्यकाल से आज तक प्रत्येक माह अनवरत चल रहा है। हर बार वें देश के अलग अलग क्षेत्रों से कई विषयों पर चर्चा करते हैं। इस बार भी उन्होंने कई विषयों को देशवासियों के साथ साझा किया।

इस बार शुरुआत में उन्होंने गर्मी को लेकर बात की कहा कि हमारे यहां गर्मी से लड़ने का तरीका कई बार रसोई में भी मिलता है। गर्मी से राहत के लिए उन्होंने अलग अलग राज्यों में पिए जाने वाले देशी पेय पदार्थों का जिक्र भी किया। इसके अलावा उन्होंने देश के अलग अलग राज्यों में होने वाले आम के विभिन्न प्रकार के नस्ल की भी बात की।

इसके बाद उन्होंने देश के दो चर्चित एथलीट की बात की। उन्होंने बताया कि एक इवेंट जिसकी देशभर में बहुत चर्चा हो रही है, वह है 100 मीटर की रेस। महज दो दिनों के भीतर पुरुषों के 100 मीटर रेस में नेशनल रिकॉर्ड तीन बार टूटा। जिन दो एथलीट्स ने ये कमाल दिखाया है वे हैं गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर। प्रधानमंत्री जी ने दोनों की विशेष उपलब्धियों के बारे में भी चर्चा की।

अन्य विषयों पर भी की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नीदरलैंड दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां एक विशेष समारोह में चोल काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाएं भारत को वापस सौंपी गईं। इनमें 21 बड़ी और तीन छोटी ताम्र पट्टिकाएं हैं। ये मुख्य रूप से राजा राजेंद्र चोल-प्रथम द्वारा अपने पिता राजा राजराजा चोल के एक वचन को पूरा करने से जुड़ी हैं। इन ताम्र पट्टिकाओं में चोल वंश की उपलब्धियों का भी वर्णन मिलता है। विशेषज्ञ मानते हैं कि ये 1000 साल से ज्यादा पुराने हैं। ये ताम्र पट्टिकाएं प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लिखी गई हैं। इसके बाद उन्होंने भारतीयों में खगोल विज्ञान यानी एस्ट्रोनॉमी को लेकर विशेष आकर्षण के बारे में चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के नागरकोइल में उनकी मुलाकात एक टीचर गिरिजा अम्मा जी से हुई। गिरिजा अम्मा जी करीब 15 स्कूल चलाती हैं। इनमें चेन्नई का जयगोपाल गरोडिया हिन्दू विद्यालय बहुत प्रमुख है। उनकी देशभक्ति की भावना हर भारतवासी को प्रेरित करने वाली है।उन्होंने 'मन की बात' से प्रेरणा लेकर देश के अनेक सैनिकों के लिए योगदान का संकल्प लिया है।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें