महासमुंद : नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत गठित जिला स्तरीय समिति की मासिक बैठक सम्पन्न
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने जिले में नशामुक्त भारत अभियान की प्रगति एवं कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी विभागों एवं स्वैच्छिक संस्थाओं के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा ग्राम पंचायतों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट तथा अन्य मादक पदार्थों के विक्रय पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशीली दवाइयों की अवैध उपलब्धता एवं बिक्री की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों में कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने को कहा।
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विद्यालय स्तरीय नशामुक्ति समितियों के गठन का निर्णय लिया गया।
इसके तहत कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रत्येक कक्षा से एक-एक मास्टर वॉलंटियर तथा एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था से ही नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके। बैठक के दौरान समिति द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी संचालन के लिए तैयार कार्ययोजना का अनुमोदन भी किया गया।