तमनार पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ : तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम उरबा में हुए हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में गांव के कोटवार हरिराम चौहान, उसके पुत्र आकाश चौहान और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा और चाकू भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 37 वर्षीय दामोदर राठिया को गंभीर चोटों की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक के बहनोई ने पुलिस को बताया कि घटना की रात हरिराम चौहान, आकाश चौहान और एक नाबालिग दामोदर राठिया के साथ मारपीट कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि भोजन के बाद पत्तल बाहर फेंकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि तीनों ने लाठी-डंडे और चाकू से दामोदर राठिया पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे रिपोर्टकर्ता पर भी आरोपियों ने हमला किया, जिससे वह घायल हो गया।
तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले का शीघ्र खुलासा होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।