किरोड़ीमल में ईवीएम से, पंचायतों में मतपत्र से हुआ मतदान; 49... - CG Sandesh

किरोड़ीमल में ईवीएम से, पंचायतों में मतपत्र से हुआ मतदान; 49 पंच निर्विरोध निर्वाचित

रायगढ़ : जिले में सोमवार को पार्षद एवं पंच पदों के लिए उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नगर पंचायत किरोड़ीमल के वार्ड क्रमांक 6 में पार्षद पद के लिए ईवीएम मशीन से मतदान कराया गया, जबकि ग्राम पंचायतों में पंच पदों के लिए मतपत्र के माध्यम से मतदान हुआ। उपचुनाव के आधिकारिक परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार जिले की सात जनपद पंचायतों के अंतर्गत पंच के कुल 59 पद रिक्त थे। वहीं नगर पंचायत किरोड़ीमल के वार्ड क्रमांक 6 का पार्षद पद भी रिक्त था। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंच पद के 49 स्थानों पर केवल एक-एक उम्मीदवार के आवेदन प्राप्त होने से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। शेष चार पंचायतों में मतदान कराया गया।

खरसिया विकासखंड के ग्राम पंचायत गिधा और किरीतमाल तथा घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत छर्राटांगर सहित अन्य संबंधित क्षेत्रों में पंच पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ। मतदान दल निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों में पहुंचे और शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चली। पंचायत चुनावों में मतदान समाप्त होने के बाद अपराह्न 3 बजे से मतगणना की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।

नगर पंचायत किरोड़ीमल के वार्ड क्रमांक 6 में पार्षद पद के लिए कुल 190 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 171 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह यहां लगभग 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव मैदान में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने रहे।

जिला प्रशासन और पुलिस की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। वहीं पंच पदों के लिए हुए मतदान में औसतन 93.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो ग्रामीण मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहा। पार्षद एवं पंच पदों के लिए हुए उपचुनाव के अंतिम एवं आधिकारिक परिणाम 4 जून को घोषित किए जाएंगे।



अन्य सम्बंधित खबरें