बसना : बाड़ी में बोरवेल के पास अर्धनग्न हालत में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
सिर पर चोट के निशान, चादर से बांधकर बोरवेल की केसिंग पाइप से लगाया गया था शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
बसना थाना क्षेत्र के भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम झारउडेला (अजगरखार) में आज मंगलवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने देखा कि मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान थे। उसका सिर एक चादर से बांधकर बोरवेल की केसिंग पाइप से बांधा गया था तथा शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोंगरे भोई पिता रविलाल भोई उम्र 30 साल निवासी ग्राम झारउडेला के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम किसी व्यक्ति का फोन आने के बाद वह अपनी पत्नी से ग्राम चनाट जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, परंतु उसका कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह गांव के किसान रविशंकर पटेल के पिता ब्रश करने अपनी बाड़ी स्थित बोरवेल के पास गए तो वहां एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा देखा। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान गांव के ही मोंगरे भोई के रूप में की। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई।
सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक का शव गांव के किसान रविशंकर पटेल की बाड़ी में बोरवेल के पास मिला था। पुलिस ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिसके बाद फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पहुंची। टीम ने साक्ष्य जुटाकर विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच की पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बसना भेजा गया।
पुलिस के अनुसार मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान पाए गए हैं। शव अर्धनग्न अवस्था में था तथा उसका सिर एक चादर से बांधकर बोरवेल की केसिंग पाइप से बांधा गया था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
बताया जाता है कि मोंगरे भोई रविशंकर पटेल (जिसके बाड़ी में लाश मिला) उसके भाई रामेश्वर पटेल के यहां बीच बीच में मजदूरी का कार्य करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।