महासमुंद : जनदर्शन में दिखी कलेक्टर विनय लंगेह की संवेदनशीलत... - CG Sandesh

महासमुंद : जनदर्शन में दिखी कलेक्टर विनय लंगेह की संवेदनशीलता, मासूम का होगा चिरायु से उपचार

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। कलेक्टर लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। जनदर्शन में कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में ग्राम बांसकुडा की गीता पटेल ने भू अधिकार पत्र में सुधार के लिए आवेदन किया। इसी तरह बिरकोनी के किसान चित्रसेन साहू ने जमीन तक झूलते विद्युत तार को हटाने, सेवानिवृत्त भृत्य सुरेश साहू ने उपादान भुगतान हेतु, राहुल आर्य ने अंतर्जातीय विवाह अनुदान राशि के लिए आवेदन किया। 

वहीं ग्राम चौकबेडा के निवासियों ने भुरकोनी से चौकबेडा, छुईहा-तुपकबोरा मार्ग डामरीकरण के लिए कलेक्टर को आवेदन दिया। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, अवैध अतिक्रमण, लंबित राशि भुगतान एवं अन्य आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर विनय लंगेह की संवेदनशीलता, मासूम का होगा चिरायु से उपचार

आवेदक टिकेश्वरी साहू अपने 8 साल के मासूम पुत्र को लेकर जनदर्शन में पहुंची थी। उसने कलेक्टर को बताया कि उसके पुत्र परमानंद को शुरुआत से ही सिकलसेल की बीमारी है। जिसमें प्रत्येक 4 माह में खून चढ़ाया जाता है। महिला के आवेदन को देखकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मानवीय पहल दिखाते हुए तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए मासूम परमानंद को चिरायु योजना का लाभ दिलाने और उसके बेहतर उपचार के लिए भी कहा।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें