महासमुंद : विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर कृषि महाविद्यालय एवं अ... - CG Sandesh

महासमुंद : विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा (महासमुंद) में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने तंबाकू निषेध विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए तथा आकर्षक पोस्टर प्रदर्शन के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को दर्शाया। विद्यार्थियों ने अपने संदेशों के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता (डीन) डॉ. अनुराग की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से तंबाकू से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन एनएसएस अधिकारी डॉ. निर्मला भारती पटेल द्वारा किया गया। उन्होंने विश्व तंबाकू निषेध दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


अन्य सम्बंधित खबरें