NSUI प्रदर्शन पर लाठीचार्ज से गरमाई सियासत, घायलों से मिलने ... - CG Sandesh

NSUI प्रदर्शन पर लाठीचार्ज से गरमाई सियासत, घायलों से मिलने सिम्स पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़

बिलासपुर : NSUI के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। घटना में कई छात्र और कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनमें से एक दर्जन से अधिक NSUI कार्यकर्ताओं को उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों का हालचाल जानने NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सिम्स अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती छात्रों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर निशाना साधा।

मीडिया से चर्चा करते हुए विनोद जाखड़ ने लाठीचार्ज की घटना को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां बरसाईं, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जाखड़ ने कहा कि सरकार ने छात्रों की आवाज सुनने के बजाय पुलिस के माध्यम से दमनात्मक कार्रवाई की है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने इसे छात्रों के अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों पर किया गया यह हमला भाजपा सरकार की ताबूत की आखिरी कील साबित होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है, तो NSUI भी लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की पहल करेगी।

घटना के बाद छात्र संगठनों और विपक्षी दलों ने भी सरकार से जवाब मांगा है। वहीं, लाठीचार्ज को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी संघर्ष और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें