बिलासपुर में सूने मकान और फॉर्म हाउस में चोरी, लाखों के जेवर-नकदी लेकर फरार हुए चोर
बिलासपुर : जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान और फॉर्म हाउस को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सोने-चांदी के जेवर, एक कीमती मूर्ति, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात उस समय हुई जब मकान और फॉर्म हाउस में कोई मौजूद नहीं था। मौके का फायदा उठाकर चोर परिसर में घुसे और कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
घटना के दौरान चोरों की गतिविधियां वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। सामने आए फुटेज में कुछ नकाबपोश संदिग्ध परिसर के भीतर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों के आने-जाने के रास्तों और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
पीड़ित की शिकायत पर चकरभाठा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।