महासमुंद : विश्व साइकिल दिवस पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा में साइकिल रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा (महासमुंद) में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा साइकिल रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को साइकिल के उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के महत्व को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विश्व साइकिल दिवस के महत्व पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि साइकिल एक पर्यावरण-अनुकूल, किफायती एवं स्वास्थ्यवर्धक परिवहन साधन है, जो प्रदूषण को कम करने और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसके पश्चात महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से “स्वस्थ रहें, साइकिल चलाएं”, “हरित पर्यावरण के लिए साइकिल अपनाएं” तथा “साइकिल चलाओ, प्रदूषण घटाओ” जैसे संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया। रैली ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता (डीन) डॉ. अनुराग उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि ईंधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन एनएसएस अधिकारी डॉ. निर्मला भारती पटेल द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित साइकिल चलाने के लाभों से अवगत कराया तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन एवं साइकिल उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।