गरियाबंद के विकास कार्यों की समीक्षा में जुटे विधायक रोहित स... - CG Sandesh

गरियाबंद के विकास कार्यों की समीक्षा में जुटे विधायक रोहित साहू, अतिक्रमण हटाने और हाईटेक यात्री प्रतीक्षालय निर्माण के दिए निर्देश

गरियाबंद : राजिम विधायक रोहित साहू ने नगर के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गरियाबंद को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है।

विधायक ने छीन तालाब, मरहिन डबरी और नया तालाब क्षेत्र का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तालाबों के आसपास हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को नियमानुसार वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुछ कार्यों में तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आने पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने गरियाबंद में आधुनिक दो मंजिला हाईटेक यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण की घोषणा भी की। प्रस्तावित परिसर के भूतल पर यात्रियों के लिए विशाल प्रतीक्षालय, बैठने की सुविधा, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं प्रथम तल पर बाहर से आने वाले यात्रियों और जरूरतमंद लोगों के लिए रात्रि विश्राम एवं अस्थायी ठहरने की सुविधा विकसित की जाएगी।

विधायक ने कहा कि नगर के तालाबों का संरक्षण, यातायात व्यवस्था में सुधार, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में गरियाबंद नगर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।



अन्य सम्बंधित खबरें