मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे भीखमपुरा, जनसंवाद में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, सपेरा बस्ती को दी सौगात
सारंगढ़-बिलाईगढ़ : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। स्व-सहायता समूह और बिहान की महिलाओं ने ताजे फलों से गुलदस्ता एवं माला तैयार कर मुख्यमंत्री को भेंट की, जिससे गांव की सादगी और सरकार के प्रति लोगों के विश्वास की झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री का यह दौरा शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सुझावों को गंभीरता से लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के सरपंच को अपने पास बैठाकर पंचायत व्यवस्था और ग्रामीण नेतृत्व के प्रति सम्मान का संदेश भी दिया।
भीखमपुरा पहुंचते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले वर्षों से पिछड़ी सपेरा बस्ती पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 आवासों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से ईंट रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और सपेरा समुदाय के लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
सपेरा समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के प्रति आभार जताया। इस दौरान समुदाय ने सामुदायिक भवन और आंगनबाड़ी केंद्र की मांग रखी, जिसे मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता के साथ पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने सपेरा बस्ती में पौधारोपण भी किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री गौशाला परिसर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना करने के बाद जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया जानी।
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेशभर में सुशासन तिहार के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने और जनता से सीधा फीडबैक लेने के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में ओपी चौधरी, जगन्नाथ पाणिग्राही सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का आगमन हेलीकॉप्टर से प्रस्तावित था, लेकिन तकनीकी कारणों से वे सड़क मार्ग से भीखमपुरा पहुंचे। इसके बावजूद ग्रामीण घंटों तक उनके इंतजार में डटे रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया और उनसे आत्मीय संवाद भी किया।