महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68.54 लाख महिलाओं के ... - CG Sandesh

महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68.54 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642 करोड़ रुपए

बिलासपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख 77 हजार 950 रुपए की राशि सीधे अंतरित की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार गतिविधियों में कर रही हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि जून 2026 में जारी 28वीं किस्त के साथ ही योजना के तहत अब तक महिलाओं को 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। वहीं, नियद नेल्लानार अभियान के जरिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जिलों की 7 हजार 770 नई महिलाओं को भी योजना से जोड़ा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना अब केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है। राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी भागीदारी और अधिक मजबूत हो सके।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें