CG : महानदी के पानी को आधुनिक तकनीक से फिल्टर कर हो रही हर माह 4-5 लाख रुपये की आय
केंद्र सरकार की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की बिहान योजना के तहत नवा रायपुर के पचेड़ा गांव में संचालित “झरिया” अल्कलाइन वॉटर प्रोजेक्ट महिला सशक्तिकरण की नई पहचान बन रहा है। शारदा महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं इस प्लांट का संचालन कर शुद्ध अल्कलाइन पानी की बॉटलिंग और सप्लाई का कार्य कर रही हैं।
जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। वर्तमान में इस प्रोजेक्ट से हर माह 4 से 5 लाख रुपये तक की आय हो रही है, जिससे महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
महानदी के पानी को आधुनिक तकनीक से फिल्टर कर अल्कलाइन वॉटर तैयार किया जाता है। प्लांट में प्रतिदिन लगभग 10 हजार बोतलों का उत्पादन हो रहा है, जिसकी आपूर्ति जंगल सफारी, कलेक्टर कार्यालय, जीएसटी भवन और अन्य सरकारी संस्थानों में की जा रही है।
इस परियोजना से सीधे 7 महिलाओं को रोजगार मिला है, जबकि जरूरत के अनुसार अन्य महिलाओं को भी काम के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। महिलाओं के हाथों संचालित “झरिया” प्रोजेक्ट अब रोजगार, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण बनकर उभरा है।